स्कूल के दिनों में ऋतिक को गणित से लगता था डर, कहा 'सुपर 30' में बिता रहा हूं अच्छा समय
इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘सुपर 30’ की शूटिंग में मशगूल ऋतिक रोशन का कहना है कि उन्हें गणित से बेहद डर लगता था। इस फिल्म में ऋतिक रोशन पटना के ‘सुपर 30’ के जरिए मशहूर हुए गणितज्ञ आनंद कुमार का किरदार अदा कर रहे हैं। आगामी फिल्म ‘सुपर 30’ में गणितज्ञ आनंद कुमार की भूमिका निभा रहे बॉलीवुड सुपरस्टार ऋतिक रोशन ने बताया कि स्कूल के दिनों में उन्हें गणित से बहुत डर लगता लगता था। 12वीं कक्षा के अधिकांश विद्यार्थियों ने बुधवार को गणित की परीक्षा पर सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की। इस पर ऋतिक ने ट्वीट किया- ‘मैंने सुना है कि आज सीबीएसई (केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड) का गणित का पेपर पिछले वर्षो की तुलना में आसान था।’ उन्होंने कहा- ‘इसके लिए बोर्ड को थ्री चीयर्स। गणित मेरे विद्यार्थी जीवन में सबसे डरावना विषय था। विडंबना यह है कि मैं वर्तमान में गणित शिक्षक की भूमिका निभाते हुए मजेदार समय व्यतीत कर रहा हूं।’ इस फिल्म का निर्देशन विकास बहल कर रहे हैं। पवकास इससे पहले ‘क्वीन’ फिल्म का निर्देशन भी कर चुके हैं। पिछले दिनों ‘सुपर 30’ के सेट से ऋतिक की कुछ तस्वीरें भी सामने आई थी, जिनमें वह बिल्कुल नए अंदाज में नजर आ रहे थे। ऋतिक इससे पहले ग्लैमरस अवतार में ही ज्यादा नजर आए हैं, लेकिन इस फिल्म के लिए उन्होंने अपनी पूरी काया बदल कर रख दी है। पिछले दिनों इस फिल्म की शूटिंग बनारस में निपटाई गई है।
0 comments: