बॉक्स ऑफिस पर 'सोनू के टीटू ' को टक्कर दे रही है अजय की 'रेड'
बॉक्स ऑफिस पर 23 फ़रवरी को रिलीज़ हुई फिल्म 'सोनू के टीटू की स्वीटी' की कमाई लगातार बढती ही जा रही है. देखने को मिल रहा है कि फिल्म 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो चुकी है. लेकिन साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि हाल ही में रिलीज़ हुई फिल्म 'रेड' फिल्म 'सोनू के टीटू की स्वीटी' के बिज़नेस को बिगाड़ सकती है. ऐसा इसलिए सुनने में आ रहा है क्योंकि फिल्म 'रेड' की कमाई भी तेजी से ऊपर जा रही है. फिल्म 'सोनू के टीटू की स्वीटी' ने अपनी रिलीज़ के चौथे हफ्ते में भी ठीक-ठाक बिज़नेस किया और 100 करोड़ के क्लब में एंट्री ली है. फिल्म की कमाई को देखकर हर कोई चकित रह गया है. फिल्म साल 2018 की 100 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली दूसरी फिल्म बन गई है. फिल्म ने अपने चौथे हफ्ते के शुक्रवार को जहां 1.27 करोड़ रूपए की कमाई की है तो वहीँ शनिवार को 2.11 करोड़ रूपए, रविवार को 2.32 करोड़ रूपए, सोमवार को 76 लाख रूपए और मंगलवार को 78 लाख की कमाई हुई है. वहीं बात करें फिल्म 'रेड' फिल्म की तो इसका प्रदर्शन भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा खासा दिखाई दे रहा है. फिल्म ने पहले वीकेंड पर 41 करोड़ रूपए की कमाई की है. इसी के साथ यह फिल्म इस साल की पहले वीकेंड पर सबसे ज्यादा कमाने वाली दूसरी फिल्म बन गई है. इस लिस्ट में सबसे पहले फिल्म 'पद्मावत' शामिल है. इस मामले में कमाई के आंकड़े शेयर करते हुए ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने भी ट्वीट किया है. ट्वीट के अनुसार वीकेंड के पहले दिन फिल्म ने 10.04 करोड़, दूसरे दिन 13.86 करोड़ और रविवार को 17.35 करोड़ रूपए की कमाई की है. इसके अलावा फिल्म ने सोमवार को 6.26 करोड़ और मंगलवार को 5.76 करोड़ का बिज़नेस किया है. यानि मंगलवार तक फिल्म की कुल कमाई 53.03 करोड़ हो चुकी है. बताया जा रहा है कि फिल्म की कहानी दर्शकों को काफी पसंद आ रही है. फिल्म 80 के दशक में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट द्वारा डाली गई रेड पर आधारित है. फिल्म में अजय के किरदार और अभिनय की काफी तारीफ की जा रही है.
0 comments: